उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से गुजरने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार खर्च बढ़ गया है. अब एक यात्री को करीब 2.09 लाख रुपये खर्च करने होंगे. पिछले साल यह खर्च करीब 1.74 लाख रुपये था. यानी इस बार लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है. जो लोग इस यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं, उन्हें पहले से ज्यादा बजट तैयार करना पड़ेगा.
इस बार खर्च बढ़ने की सबसे बड़ी वजह डॉलर का महंगा होना है. यात्रा का कुछ हिस्सा तिब्बत में पड़ता है, जहां फीस डॉलर में देनी होती है. इसमें वीजा, मेडिकल और दूसरे जरूरी खर्च शामिल होते हैं. डॉलर की कीमत बढ़ने से इन सबका खर्च सीधे बढ़ गया है. इसके अलावा भारत वाले हिस्से में भी महंगाई और बेहतर सुविधाओं के कारण कीमतों में बढ़ोतरी की गई है.
भारत के हिस्से में रहने, खाने और गाइड जैसी सुविधाओं की जिम्मेदारी कुमाऊं मंडल विकास निगम संभालता है. इस बार निगम ने भी अपने चार्ज बढ़ा दिए हैं. अब भारतीय क्षेत्र में प्रति यात्री करीब 65 हजार रुपये खर्च होंगे. पहले के मुकाबले इसमें करीब 8 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है. अधिकारियों के अनुसार, नए रेट तय कर दिए गए हैं और रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो चुका है.

