उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा अप्रैल में हो सकती है। इसकी कवायद शुरू हो गई है। जल्द ही आयोग परीक्षा की तिथि पर फैसला लेगा। UKSSSC ने पिछले साल 21 सितंबर को स्नातक स्तरीय परीक्षा कराई थी, जिसमें करीब एक लाख पांच हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

परीक्षा में हरिद्वार के एक केंद्र से पेपर लीक का प्रकरण सामने आने के बाद छात्रों ने आंदोलन किया था। छात्रों की मांग के तहत सरकार ने CBI जांच की सिफारिश कर दी थी। उधर, पेपर लीक प्रकरण में एकल सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर UKSSSC ने स्नातक स्तरीय परीक्षा 11 अक्तूबर को रद्द कर दी थी।

आयोग ने परीक्षा रद्द करते समय तीन माह के भीतर दोबारा इसके आयोजन की घोषणा भी की थी लेकिन CBI जांच की वजह से यह वादा पूरा न हो सका। अभ्यर्थी लगातार परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे हैं। अब आयोग ने अप्रैल महीने में यह परीक्षा कराने की कवायद शुरू की है।

इसके तहत प्रदेशभर में परीक्षा केंद्रों का चिह्निकरण किया जा रहा है। आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल का कहना है कि अभी आयोग इस संबंध में बैठक करेगा और जल्द ही परीक्षा तिथि तय करेगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा आयोजन को लेकर सभी सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएंगे। उधर, पेपर लीक प्रकरण में अभी CBI की जांच गतिमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *