उत्तराखंड में UKSSSC की स्नातक स्तरीय पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान पेपर लीक का मामला सामने आया है, जिसने सालों से सरकारी नौकरी के इंतजार में बैठे लाखों युवाओं को सकते में डाल दिया. परीक्षा सेंटर से पेपर की फोटो बाहर भेजे जाने की खबर ने भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. राजनीतिक दलों और बेरोजगार संघ ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, वहीं आयोग मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है.
सूत्रों के मुताबिक परीक्षा के दौरान ही परीक्षा सेंटर से पेपर की फोटो खींचकर बाहर भेज दी गई थी. वहीं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के चेयरमैन गणेश शंकर मर्तोलिया ने पेपर लीक मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रश्न पत्र से जुड़े तीन पन्ने बाहर आए हैं. हालांकि, शुरुआती जांच में यह पन्ने पढ़ने योग्य नहीं पाए गए हैं. चेयरमैन ने यह भी बताया कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे. ऐसे में यह बड़ा सवाल बनकर उभरा है कि फिर भी ये पन्ने बाहर कैसे आए? इस पूरे मामले पर आयोग स्तर पर उच्च स्तरीय बैठक चल रही है. जिसमें विभिन्न पहलुओं की गहनता से समीक्षा की जा रही है.

