उत्तराखंड में शुष्क मौसम के साथ ही पारे में तेजी से गिरावट आ रही है, जबकि दिन के समय तेज धूप ठिठुरन भरी ठंड से रह दे रही है। वहीं, शाम होते ही सर्द हवाएं चल रही हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में सर्दी का कहर और बढ़ सकता है। आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं कोहरा बढ़ सकता है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है। बुधवार को भी चटक धूप खिली रही, जिसकी वजह से दिन के समय ठंड से राहत रही। पर, सुबह और शाम के समय ठिठुरन भरी ठंड बढ़ गई है, तो वहीं अधिकतम तापमान में भी चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है, तो वहीं न्यूनतम तापमान भी फिलहाल सामान्य बना हुआ है। इसी तरह से अन्य मैदानी जनपदों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस कम हुआ है।

चमोली जनपद के नीति घाटी में तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जिसके चलते यहां बहने वाले गदेरे और झरने जम गए हैं। बारिश नहीं होने के कारण कोरी ठंड पड़ रही है और लगातार पाला गिरने से तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी मौसम शुष्क बना रहेगा। पहाड़ों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने की संभावना है, जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *