चमोली के नंदानगर में राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। एसडीआरएफ-एनडीआरएफ के जवान लगातार मलबे को काटते–तोड़ते हुए राहत कार्य में जुटे हैं। इसी बीच आज शुक्रवार को एक महिला का शव बरामद हुआ है।
चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार की देर रात करीब 2 बजे बिनसर पहाड़ी की चोटी पर बादल फटने और अतिवृष्टि से फाली लगा कुंतरी, सैंती लगा कुंतरी और धुर्मा गांव में भारी तबाही हुई है। इस आपदा में 10 लोग लापता हो गए थे, जिनमें से 2 लोगों के शव बरामद हुए हैं जबकि 7 की तलाश जारी है। वहीं करीब 16 घंटे बाद एक व्यक्ति को राहत दलों ने मलबे से निकाल लिया। मलबे की चपेट में आकर 10 आवासीय मकान भी पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं।
भारी बारिश के कारण मोक्ष गदेरा भी उफान पर आ गया जिससे सेरा गांव में आठ मकान बह गए हैं। गांवों में तबाही की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और सुबह से ही राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। चमोली के जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार भी अपनी टीम के साथ दिनभर प्रभावित क्षेत्र में मौजूद रहे। प्रभावित गांवों में बड़ी संख्या में मवेशियों के भी बहने की सूचना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *