राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से क़ई जिलों में जमकर बारिश हुई है. देहरादून में वर्षा के चलते 6 डिग्री सेल्सियस तापमान में कमी दर्ज की गई है. इसी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जिससे पर्वतीय इलाकों से मैदान इलाकों तक में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अचानक मौसम ठंडा हो गया है. लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं. आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है.
सोमवार को जहां एक तरफ देहरादून में झमाझम बारिश देखने के लिए मिली तो वहीं केदारनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी हुई. जिसके बाद धाम और इसके आसपास की पहाड़ियां बर्फ की चादर में लिपटीं नजर आई. बीती रोज दोपहर 1:30 बजे के बाद शुरू हुई बर्फबारी से केदारपुरी में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है. जिसके बाद यात्रियों ने बर्फबारी का आंनद लिया. पहले ही मौसम विभाग ने 6 और 7 अक्टूबर को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई थी. वहीं रुद्रप्रयाग आपदा प्रबंधन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि गर्म कपड़े और जरूरी सामान साथ लेकर ही यात्रा करने के लिए आएं. केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे.उससे पहले सीजन की पहली बर्फबारी यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बनी है.

