मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार से उत्तराखंड में करीब 3469 करोड़ लागत की राष्ट्रीय राजमार्ग की परियोजनाओं की स्वीकृति मांगी है। इस संबंध में सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित परियोजनाओं पर चर्चा की।
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। उन्होंने बैठक में ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग, ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप्रयाग मार्ग व अल्मोड़ा-बागेश्वर-कांडा-उडियारी बैंड मार्ग के निर्माण के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित राज्य के अनेक महत्वपूर्ण मामलों को प्रमुखता से रखा। साथ ही स्वीकृति मांगी। विदित हो कि 1161.27 करोड़ लागत की ऋषिकेश बाईपास परियोजना के तहत तीनपानी से योगनगरी होते हुए खारास्रोत तक 12.67 किमी लंबाई में चार लेन बाईपास का निर्माण प्रस्तावित है।
इस परियोजना में 4.876 किमी लंबाई में तीन हाथी कॉरिडोर के लिए एलिवेटेड मार्ग, चंद्रभागा नदी पर 200 मीटर लंबा पुल व रेलवे पोर्टल पर 76 मीटर लंबाई का आरओबी प्रस्तावित है। इसके अलावा 318 करोड़ की लागत से श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर 76 मीटर लंबाई का आरओबी निर्माण किया जाना है। 988 करोड़ की लागत से अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग पर 76 किमी लंबाई वाले हिस्से के दो लेन चौड़ीकरण को प्रस्तावित है। वहीं कांडा से बागेश्वर खंड के लिए वनभूमि हस्तांतरण प्रस्ताव पर केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए प्रस्तावों पर समुचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में गतिमान परियोजनाओं में गुणवत्ता बनाए रखते हुए तेज गति से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे किए जाएं। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, हर्ष मल्होत्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

