उत्तराखंड में मानसून की विदाई की बेला में अब मैदानी इलाकों में चटख धूप खिलने लगी है। खेलने से गर्मी तेवर दिखा रही है। उत्तराखंड में 2 दिन बाद मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा और गर्मी एक बार फिर बेहाल करेगी। हालांकि पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश भर में अगले दो दिन में मानसून की विदाई हो जाएगी। जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर 28 सितंबर तक हल्की बौछार वाली बारिश होने की संभावना है।
इधर बारिश का सिलसिला थमने से मैदानी इलाकों में जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। गुरुवार को भी तेज धूप खिलने से मैदानी इलाकों का तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी के साथ दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में इजाफा हो रहा है। मौसम साफ होने के बाद जहां आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में राहत कार्यों में तेजी आई है वहीं गर्मी ने भी परेशान किया हुआ है।

