मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार पांच अक्टूबर को उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2025 के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान जहां सीएम धामी ने फाइनल मुकाबले में जीती हरिद्वार एलमास को जीत की ट्रॉफी दी तो वहीं कई घोषणाएं भी की.
UPL 2 के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे सभी टीमें और खिलाड़ी, जो इस बार जीत से कुछ कदम दूर रह गए हैं, उनसे मेरा आग्रह है कि खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन जो बात सबसे महत्वपूर्ण है वो है आपकी खेल भावना. परिश्रम और निरंतर आगे बढ़ने का जज्बा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल न केवल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और संघर्षशीलता जैसे गुणों का भी विकास होता है. इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के प्रारंभ से ही खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की मजबूत नींव रखी.
सीएम धामी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है. पीएम मोदी के मार्गदर्शन के उनकी सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और पुरूषों के साथ ही महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रयास कर रही है.

