रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी का जोरदार जश्‍न मनाया था। उन्‍होंने बुधवार को सिक्किम के खिलाफ शतक जमाया था। हालांकि, मुंबई के ओपनर का बल्‍ला दूसरे मैच में खामोश रहा।

बता दें कि मुंबई और उत्‍तराखंड के बीच शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी का मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्‍टेडियम पर खेला जा रहा है। उत्‍तराखंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। अनुभवी बल्‍लेबाज रोहित शर्मा की पारी पहली ही गेंद पर खत्‍म हो गई। वो खाता भी नहीं खोल सके।

देवेंद्र सिंह बोरा ने मुंबई की पारी के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर रोहित शर्मा को जगमोहन नागरकोटी के हाथों कैच आउट कराया। रोहित शर्मा के आउट होने के बाद खान बंधु सरफराज (55) और मुशीर (55) ने अर्धशतकीय पारियां खेली। मुंबई ने खबर लिखे जाने तक 28 ओवर में 4 विकेट खोकर 166 रन बना लिए हैं।

फैंस हुए निराश
बता दें कि रोहित शर्मा को बल्‍लेबाजी करते देखने के लिए कुछ फैंस तो सुबह 6 बजे ही स्‍टेडियम के बाहर पहुंच गए थे। हालांकि, रोहित के आउट होने से फैंस निराश हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहित के आउट होते ही बड़ी संख्‍या में फैंस स्‍टेडियम से बाहर चले गए।

रोहित की दमदार वापसी
याद दिला दें कि रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी में धमाकेदार वापसी की थी। उन्‍होंने बुधवार को सिक्किम के खिलाफ केवल 94 गेंदों में 155 रन जमाए थे। सात साल बाद पहला लिस्‍ट ए मैच खेलने वाले रोहित शर्मा ने अपनी पारी के दौरान 18 चौके और 9 छक्‍के लगाए थे। 38 साल के रोहित के शतक की मदद से मुंबई ने सिक्किम को 8 विकेट से पटखनी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *