भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत ने अजेय रहते हुए यह टूर्नामेंट अपने नाम किया और पाकिस्तान के मुंह से जीत छीन ली। भारत के लिए तिलक वर्मा ने अभूतपूर्व पारी खेली और नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई।
एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर भड़का बीसीसीआई, कहा- आईसीसी में करेंगे कड़ा विरोध
एशिया कप फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम द्वारा एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इंकार करने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने होटल ले गए, जिस पर बीसीसीआई ने नाराजगी जताई है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड इस मामले पर नवंबर में होने वाली आईसीसी बैठक में बहुत कड़ा विरोध दर्ज कराएगा। सैकिया ने साफ कहा कि भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए है। ट्रॉफी न लेना एक बात है, लेकिन उनका यूं ट्रॉफी और मेडल होटल ले जाना बचकाना और अस्वीकार्य है।
भारतीय टीम ने खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी नहीं उठाई। दरअसल, टीम ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किया था जिसके बाद पुरस्कार समारोह टीम को ट्रॉफी दिए बिना ही समाप्त हो गया। ऐसी खबरें थी कि टीम अमीरात क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष के हाथों से ट्रॉफी लेगी, लेकिन टीम ने ट्रॉफी नहीं उठाने का फैसला किया।

