उत्तराखंड के बनभूलपुरा इलाके में फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने का मामला सामने आते ही सरकारी तंत्र में अफरा-तफरी मच गई हैं. घटना ने प्रशासन को पहचान और प्रमाणपत्र प्रणाली की जड़ों तक जांच करने को मजबूर कर दिया हैं. राज्य सरकार अब ऐसे नेटवर्क को बेनाकाब करने और उन्हें समाप्त करने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी कर रही हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कठोर निर्देश जारी किए हैं कि फर्जी पहचान का सहारा लेने वालों और उनके पूरे गिरोह को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाए.
फर्जी स्थाई, जाति और निवास प्रमाणपत्र तैयार होने की आशंका ने सरकार को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है. संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर वहां विशेष सत्यापन तंत्र लागू करने की योजना बनाई जा रही हैं. उद्देश्य है—किसी भी स्तर पर पहचान से जुड़ी गड़बड़ी की गुंजाइश खत्म करना.
इस प्रकरण ने साफ कर दिया है कि फर्जी पहचान आधारित दस्तावेज केवल प्रशासनिक चुनौती नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए भी खतरा बन सकते हैं. सरकार ने संबंधित विभागों को संदिग्ध दस्तावेजों की तुरंत दोबारा जांच और तहसील व जिला स्तर पर पुन: परीक्षण अभियान शुरू करने का आदेश दिया है. विभिन्न विभागों के बीच डेटा मिलान प्रणाली को भी मजबूत किया जा रहा है. नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी के अनुसार, पुलिस जिले में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे लोगों का सत्यापन कर रही है और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है.

