साल 2024 के छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में महाराष्ट्र अग्रणी रहा है। सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने वाले महाराष्ट्र के बाद नंबर दो पर गुजरात और तीसरे पायदान पर हरियाणा का नाम है। जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि इन पुरस्कारों का मकसद देश भर में जल संरक्षण और प्रबंधन में उत्कृष्ट काम करने वाले राज्यों को मान्यता देना है। जल शक्ति मंत्रालय के तहत आने वाला जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग यह पुरस्कार देता है। संयुक्त पुरस्कार विजेताओं सहित 10 श्रेणियों में कुल 46 विजेताओं के नाम का एलान किया गया है।
जल क्षेत्र में योगदान के लिए ये पुरस्कार कई श्रेणियों में दिए जाते हैं, एक नजर इन श्रेणियों पर:
सर्वश्रेष्ठ राज्य
सर्वश्रेष्ठ जिला
सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत
सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय
सर्वश्रेष्ठ स्कूल या कॉलेज
सर्वश्रेष्ठ उद्योग
सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्ता संघ
सर्वश्रेष्ठ संस्थान
सर्वश्रेष्ठ नागरिक समाज
सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति
सरकार की तरफ से जारी बयान के मुताबिक चुनिंदा विजेताओं को एक प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। पाटिल ने बताया कि 18 नवंबर को आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को सम्मानित करेंगी। इससे पहले विगत 23 अक्तूबर, 2024 को राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर इसे लॉन्च किया गया था। विजेताओं का चयन 751 आवेदनों की समीक्षा के बाद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *