पतंजलि विश्वविद्यालय में आयोजित द्वितीय दीक्षांत समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह आयोजन पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति को लागू कर उत्तराखंड को शोध, नवाचार तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संस्कृति, इतिहास और दर्शन के गहन अध्ययन हेतु दून विश्वविद्यालय में सेंटर फार हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। साथ ही, देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क तथा अल्मोड़ा में साइंस सेंटर विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण के इस संकल्प में पतंजलि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी, साध्वी देवप्रिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *