अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को रविवार को अवैध सट्टेबाजी ऐप केस में ईडी ने समन भेजा है. अभिनेत्री को 16 सितंबर को ईडी के दिल्ली मुख्यालय में पेश होने का आदेश जारी किया गया है. अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने ‘वनएक्सबेट’ नाम की एक सट्टेबाजी ऐप का विज्ञापन किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर उपलब्ध है. उसी के आधार पर उर्वशी रौतेला को पूछताछ के लिए बुलाया गया है.
‘प्रवर्तन निदेशालय ने अवैध सट्टेबाजी ऐप 1xBet मामले में अभिनेत्री और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती को 15 सितंबर और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को 16 सितंबर को तलब किया है. उन्हें दिल्ली मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है.’ एजेंसी की ओर से उठाया गया यह कोई पहला कदम नहीं है. इस साल लगातार कार्रवाई हो रही है. ये जांच अवैध सट्टेबाजी प्लेटफार्मों और उनके सेलिब्रिटी प्रमोटरों पर व्यापक कार्रवाई का हिस्सा है. इसमें कई हाई-प्रोफाइल नाम शामिल हो चुके हैं.
उनके साथ ही पूर्व टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती को अवैध सट्टेबाजी ऐप केस में समन भेजा गया है, उन्हें 15 सितंबर को मुख्यालय में पेश होने को कहा गया है.
दरअसल, ईडी की जांच में सामने आया कि कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म गैरकानूनी तरीके से भारत में अपना कारोबार फैला रहे हैं. इन्हीं में से एक है ‘वनएक्सबेट, जिसके विज्ञापनों और प्रचार-प्रसार में कई सेलेब्रिटी जुड़े पाए गए हैं। जांच एजेंसी ये समझना चाहती है कि आखिर इन सितारों की भूमिका इन ऐप्स के प्रचार और पब्लिसिटी में किस हद तक रही है. इसी सिलसिले में ईडी इस ऐप का प्रचार करने वाले सभी सेलिब्रिटी से पूछताछ कर रही है.
ईडी ने पिछले सप्ताह भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन से अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में पूछताछ की थी.
एक अन्य क्रिकेटर सुरेश रैना से भी पिछले महीने एजेंसी ने पूछताछ की थी।

