अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (एफएसएसओ) की शारीरिक दक्षता परीक्षा के मानक की अधिसूचना 24 घंटे भी इसलिए नहीं टिक पाई क्योंकि अगर दुनिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक धावक भी यहां आ जाता तो शायद अग्निशमन अधिकारी न बन पाता। जैसे ही अधिकारियों तक यह अव्यवहारिकता की खबर पहुंची तो उन्होंने तुरंत इस अधिसूचना के संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी। कार्मिक विभाग ने बृहस्पतिवार को विभिन्न विभागों में दरोगा और कांस्टेबल भर्तियों के लिए अब एकीकृत नियमावली की अधिसूचना जारी की थी। अमर उजाला ने इस अधिसूचना में एफएसएसओ की शारीरिक दक्षता परीक्षा के मानकों पर खबर एफएसएसओ अभ्यर्थी को 65 किलो वजन के साथ 900 मीटर दौड़ना होगा प्रकाशित की।
इसमें बताया गया कि पहले पांच किमी की दौड़ 30 मिनट में होती थी और महिला अभ्यर्थियों के लिए 200 मीटर की दौड़ 40 सेकेंड में करने का नियम था। अब पुरुष अभ्यर्थियों को 65 किलो वजन लेकर 900 मीटर की दौड़ एक मिनट में पूरी करनी होगी। महिला अभ्यर्थियों को दो किमी की दौड़ 15 मिनट में पूरी करने का नियम बना दिया गया है। सचिव कार्मिक शैलेश बगौली ने बताया कि दौड़ एवं चाल के मानक में 900 मीटर की दूरी (65 किग्रा वजन सहित) एक मिनट में पूरी करने जाने का प्रावधान टंकणीय त्रुटिवश हो गया है। इसमें संशोधन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *